सितम्बर 10, 2026 8:34 अपराह्न

printer

आईएनएस मैसूर मलेशिया के लुमुट पहुंचा, समुद्री अभ्यास ‘समुद्र लक्ष्मण’ में होगा शामिल

नौसेना का पोत आईएनएस मैसूर मलेशिया के लुमुट पहुंच गया है। पोत भारत और मलेशिया की नौसेनाओं के बीच चौथे द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास समुद्र लक्ष्मण में शामिल होगा। इस अभ्यास में बंदरगाह और समुद्र, दोनों स्तरों पर पेशेवर गतिविधियां होंगी। इनमें एक-दूसरे के पोतों का दौरा, संचालन संबंधी गतिविधियां और खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन गतिविधियों से दोनों नौसेनाओं के कर्मियों को अपने अनुभव साझा करने, आपसी संचालन क्षमता बढ़ाने और बेहतर समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।

रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि आईएनएस मैसूर की यात्रा दोनों देशों के बीच मजबूत और लंबे समय से चले आ रहे समुद्री सहयोग को दर्शाती है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने और पेशेवर आदान-प्रदान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।