जुलाई 2, 2026 8:12 अपराह्न | North East

printer

सूचना और प्रसारण सचिव चंचल कुमार ने पूर्वोत्तर की पारंपरिक शिल्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया

सूचना और प्रसारण सचिव चंचल कुमार ने आज नई दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्‍ट्रीय कला केंद्र में आयोजित प्रदर्शनी ‘धातु, बांस और मिट्टी में जीवंत विरासत: पूर्वोत्तर भारत के पारंपरिक बर्तन’ का विशेष अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्वोत्तर को ‘अष्टलक्ष्मी’ के दृष्टिकोण से प्रेरित है। यह इस क्षेत्र की अपार सांस्कृतिक समृद्धि, प्राकृतिक संपदा, आध्यात्मिक विरासत और विकास क्षमता को प्रदर्शित करती है। श्री कुमार ने मणिपुर की लोंगपी मिट्टी के बर्तन, मेघालय की लरनाई मिट्टी के बर्तन, असम की धातु शिल्पकला और पूर्वोत्तर के पारंपरिक लकड़ी के शिल्प और टोकरी शिल्पकला प्रदर्शनी की सराहना की। उन्होंने प्रदर्शनी में भाग लेने वाले कारीगरों से बातचीत कर उनके पारंपरिक शिल्पकला की प्रशंसा की। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के पूर्व सचिव श्री कुमार ने प्रदर्शनी को पूर्वोत्तर की पारंपरिक शिल्पकला को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कलाकृतियों के सांस्कृतिक महत्व पर कारीगरों के साथ विस्तृत चर्चा की और उन्हें भारत की सांस्कृतिक विविधता की एक महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति के रूप में वर्णित किया।