वर्ल्डस्किल्स शंघाई के लिए भारत के अब तक के सबसे बड़े 70 कुशल युवा प्रतिभागियों का दल आज रवाना हो गया। यह दल 22 से 27 सितम्बर तक चीन के शंघाई में आयोजित होने वाली 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में 63 कौशल श्रेणियों में देश का प्रतिनिधित्व करेगा।
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने नई दिल्ली के कौशल भवन में समारोह के दौरान दल को रवाना किया। मंत्रालय ने बताया कि भारत पहली बार 11 नई कौशल श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेगा। इनमें डेंटल प्रोस्थेटिक्स, डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिजाइन, इंटेलिजेंट सिक्योरिटी टेक्नोलॉजी, लैंडस्केप गार्डनिंग, ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक टेक्नोलॉजी, रिटेल सेल्स, मानवरहित हवाई प्रणाली, औद्योगिक यांत्रिकी, सॉफ्टवेयर टेस्टिंग, भारी वाहन प्रौद्योगिकी और विमान रखरखाव शामिल हैं।
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि टीम इंडिया एक आत्मविश्वास से भरी, रचनात्मक और डिजिटल रूप से चुस्त पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती है, जो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार है।