अगस्त 24, 2026 2:34 अपराह्न

printer

भारत के मुक्त व्यापार समझौते वैश्विक व्यापार के लगभग 75% हिस्से को कवर करेंगे: उद्योग मंत्री पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत कम से कम 8-9 और देशों के समूहों तथा अलग-अलग देशों के साथ बातचीत कर रहा है। इन देशों का संयुक्त रूप से सकल घरेलू उत्पाद 15 ट्रिलियन अमरीकी डॉलर के बराबर है।

श्री गोयल ने कहा कि आने वाले समय में भारत के मुक्त व्यापार समझौते वैश्विक व्यापार के लगभग 75% हिस्से को कवर करेंगे। इससे भारत को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने भारत और जापान के व्यापार प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का घरेलू बाजार विशाल है और पिछले चार वर्षों में हस्ताक्षरित नौ मुक्त व्यापार समझौतों के साथ भारत ने दुनिया के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं।

ये नौ समझौते 60 ट्रिलियन अमरीकी डॉलर के संयुक्त सकल घरेलू उत्पाद वाली अर्थव्यवस्थाओं और 38 विकसित देशों को कवर करते हैं। जापान और कोरिया सहित अन्य देशों और आसियान क्षेत्र के साथ पहले किए गए व्यापार समझौतों ने 10 ट्रिलियन अमरीकी डॉलर के सकल घरेलू उत्पाद के लिए नए रास्ते खोले हैं। उन्होंने कहा कि डेटा सेंटर, विनिर्माण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे क्षेत्रों में भारत में निवेश के बड़े अवसर मौजूद हैं।

श्री गोयल ने कहा कि बढ़ते आर्थिक संबंध भारत और जापान के बीच संतुलित व्यापार की दिशा में अग्रसर होंगे। गोयल दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने के लिए 200 से अधिक प्रतिनिधियों के एक बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए यहां आए हैं।