जून 9, 2026 9:35 अपराह्न | India's Foreign policy

printer

भारत की विदेश नीति राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि भारत की विदेश नीति उसके मूल राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप है। उन्‍होंने कहा कि विदेश नीति और कूटनीति सामाजिक सुरक्षा और राष्ट्रीय विकास पर केंद्रित सरकार की प्राथमिकताओं के साथ एकीकृत हो गई हैं। डॉ. जयशंकर ने डीडी न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में ये बातें कही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रीय सुरक्षा का अर्थ केवल सीमाओं की रक्षा करना नहीं है, बल्कि इसमें अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, स्वास्थ्य, उर्वरक और साइबर सुरक्षा भी शामिल है।

डॉ. जयशंकर ने इस बात पर जोर दिया कि आज दुनिया भारत को संकट की स्थिति में पहले सहायता करने वाले देश के रूप में देखती है, चाहे वह प्राकृतिक आपदा हो, आर्थिक संकट हो या कोविड-19 महामारी जैसी प्रतिकूल परिस्थितियां हों। उन्‍होंने यह भी कहा कि भारत वर्तमान भू-राजनीतिक परिदृश्य में वैश्विक जटिलताओं का सफलतापूर्वक सामना कर रहा है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत खाड़ी क्षेत्र में अपने गहरे रणनीतिक और आर्थिक हितों की रक्षा कर रहा है, साथ ही ईरान, संयुक्त राज्य अमरीका और इजरायल के साथ अपने स्वतंत्र संबंध भी बनाए रख रहा है। डॉ. जयशंकर ने बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच प्रमुख क्षेत्रों में भारत की संतुलित भागीदारी पर भी जोर दिया।