भारतीय मूल के नासा अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन कल अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना होंगे। वे कज़ाख़स्तान के बैकोनूर अंतरिक्ष केंद्र से दो रूसी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ रोस्कोस्मोस के सोयुज़ एमएस-29 अंतरिक्ष यान से उड़ान भरेंगे। अंतरिक्ष यान का प्रक्षेपण भारतीय समयानुसार कल रात आठ बजकर 17 मिनट पर होगा। इसके लगभग साढ़े तीन घंटे बाद यह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ेगा।
अनिल मेनन के साथ रूस के अंतरिक्ष यात्री प्योत्र दुब्रोव और अन्ना किकीना भी अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के 75वें अभियान का हिस्सा होंगे। अंतरिक्ष यात्री बुधवार तड़के करीब 1 बजकर 25 मिनट पर अंतरिक्ष स्टेशन में प्रवेश करेंगे।
49 वर्षीय अनिल मेनन आपातकालीन चिकित्सा विशेषज्ञ और अमरीकी स्पेस फोर्स में कर्नल हैं। उनका जन्म अमरीका के मिनियापोलिस में भारतीय और यूक्रेनी मूल के परिवार में हुआ था। वे अमरीकी वायुसेना में सेवा दे चुके हैं और माउंट एवरेस्ट पर पर्वतारोहियों की चिकित्सा सहायता के लिए हिमालयन रेस्क्यू एसोसिएशन के साथ भी काम कर चुके हैं।