जुलाई 20, 2026 9:53 पूर्वाह्न

printer

ईरान में भारतीयों के लिए भारतीय दूतावास ने संशोधित परामर्श जारी किया

ईरान में अस्थिरता और संघर्ष में हुई हाल की वृद्धि को ध्‍यान में रखते हुए तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नाररिकों के लिए संशोधित परामर्श जारी किया है। दूतावास ने सुरक्षा हालात में सुधार आने तक किसी भी उद्देश्‍य के लिए ईरान की यात्रा करने के इच्‍छुक भारतीय नागरिकों को फिलहाल यात्रा टालने की सलाह दी है।

दूतावास ने कहा है कि ईरान में पहले से रह रहे भारतीय नागरिकों को उपलब्‍ध उडान विकल्‍पों के जरिए अंशकालिक तौर पर ईरान से बाहर निकलने का विचार करना चाहिए। दूतावास का कहना है कि ईरान में रहने पर विचार करने वाले भारतीय नागरिकों को अधिक सावधानी ब‍रतनीं चाहिए। दूतावास ने भारतीय नागरिकों को स्थिति से पूरी तरह अवगत रहने के लिए समाचारों पर ध्‍यान देने का आग्रह किया है। दूतावास ने कहा है कि भारतीय नागरिकों को सैन्‍य गतिविधियों की अधिकता वाले ईरान के दक्षिणी तटीय इलाकों में जाने से बचना चाहिए। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से स्‍थानीय अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का सावधानी पूर्वक अनुपालन करने को भी कहा है।

दूतावास ने ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को तत्‍काल दूतावास में अपने ब्‍यौरों का पंजीकरण कराने की सलाह दी है। दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों को ताजा जानकारी और नए परामर्श के लिए दूतावास की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया की नियमित निगरानी करने का भी आग्रह किया है। किसी प्रकार की दूतावास ने आपातकालीन हेल्‍पलाईन नंबर +98 91 28 10 91 15, +98 91 28 10 91 09, +98 91 28 10 91 02 और +98 99 32 17 93 59 जारी किए हैं। भारतीय नागरिक cons.tehran@mea.gov.in. पर इमेल के जरिए दूतावास से संपर्क भी कर सकते है।