प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय, दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों का महत्वपूर्ण आधार है। ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के संबंध साझा विरासत, स्थायी मित्रता, समान लोकतांत्रिक मूल्यों और उज्ज्वल भविष्य के साझा संकल्प पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि ऑकलैंड से वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च से क्वीन्सटाउन तक भारतीय समुदाय ने दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
श्री मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और वहां की सरकार के सदस्यों की उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के प्रति व्यापक समर्थन का प्रतीक है। श्री मोदी ने कहा कि 4 दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड यात्रा हो रही है और वे 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं वहां के भारतीय समुदाय तक लेकर पहुंचे हैं।
इस अवसर पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते से न्यूजीलैंड के निर्यातकों को 140 करोड़ लोगों के विशाल बाजार तक पहुंच मिलेगी और न्यूजीलैंड में भारतीय कारोबार के लिए भी नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि भारत केवल एक व्यापारिक साझेदार नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड का एक विश्वसनीय सहयोगी भी है।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और न्यूजीलैंड के विकास में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की। उन्होंने भारत को अपना महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ऑकलैंड में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के 10 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नारों और उत्साहपूर्ण माहौल ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।