भारतीय वायुसेना ने आज पुणे के लोहेगांव वायुसेना अड्डे पर अपनी सेना को जाने अभियान के तहत शानदार हवाई करतबों के जरिए अपनी ताकत और परिचालन क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत आकाश गंगा टीम के रोमांचक स्काईडाइविंग प्रदर्शन से हुई। इसके बाद सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों ने कम ऊंचाई पर शानदार करतब दिखाए। चेतक हेलीकॉप्टरों के फ्लाईपास्ट ने भी दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ने शानदार हवाई संरचनाओं और तालमेल से किए गए करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ने अपने बेहतरीन उड़ान कौशल और सटीकता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विमानों और सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिससे लोगों को वायुसेना की आधुनिक तकनीक, उपकरणों और परिचालन क्षमताओं को जानने का अवसर मिला।