नवम्बर 26, 2026 10:34 पूर्वाह्न

printer

‘वेनिस आर्ट बिएनाले’ में भारत ने ‘बेस्ट नेशनल पैवेलियन – विजिटर्स लायन’ का पुरस्कार जीता

कला जगत में ओलंपिक मानी-जाने वाली वेनिस कला द्विवार्षिक प्रदर्शनी में भारत ने सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय पवेलियन – दर्शकों का लायन पुरस्कार जीता है। यह सम्मान विश्वभर के दर्शकों के मतदान से तय किया गया। यह भारत के बढ़ते सांस्कृतिक प्रभाव की मान्यता है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे भारत की कला और संस्कृति के लिए गौरव का क्षण बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के कलाकार देश की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा लेकर कला जगत में नए दृष्टिकोण ला रहे हैं। उन्होंने कामना की कि यह उपलब्धि कई और युवा भारतीयों को कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने और रचनात्मक क्षितिज तलाशने के लिए प्रेरित करेगी।

संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह वैश्विक मान्यता नए युग के भारतीय कलाकारों की प्रतिभा और देश के समकालीन कला जगत की जीवंतता का प्रमाण है। श्री शेखावत ने कहा कि यह सम्मान भारतीय कलाकारों की आने वाली पीढ़ियों को अधिक आत्मविश्वास और रचनात्मकता के साथ दुनिया से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।

ऐतिहासिक आर्सेनाले में स्थित भारत मंडप का निर्माण संस्कृति मंत्रालय की राष्ट्रीय आधुनिक कला गैलरी ने करवाया गया था। इसमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र ने इसमें सहयोग किया।