अगस्त 19, 2026 8:33 अपराह्न

printer

भारत अगले वर्ष तटरक्षक बल के 5वें वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा

भारत अगले वर्ष फरवरी में नई दिल्ली में तटरक्षक बल के पांचवें वैश्विक शिखर सम्मेलन (सीजीजीएस) की मेजबानी करेगा। ये आयोजन भारतीय तटरक्षक बल की स्वर्ण जयंती के अवसर पर  होगा। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यह शिखर सम्मेलन भारत के महासागर दृष्टिकोण और सहयोगात्मक तथा प्रगतिशील समुद्री व्यवस्था के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण होगा।
 
रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग को मजबूत करने और सुरक्षित, स्वच्छ तथा अधिक सुरक्षित समुद्रों की दिशा में सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की भी पुष्टि करता है।
 
इस ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत, भारतीय तटरक्षक बल ने हाइब्रिड मोड में पांचवें सीजीजीएस की कार्यकारी स्तरीय बैठक की मेजबानी की। इस बैठक में तटरक्षक बल और समुद्री एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय समुद्री संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मंत्रालय ने कहा कि इस बैठक ने सीजीजीएस के लिए तैयारियों को आगे बढ़ाने और सहभागी समुद्री एजेंसियों के बीच संवाद को प्रोत्साहित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।