केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज के दिन को भारत-ब्रिटेन संबंधों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गोयल ने कहा कि भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता – सीईटीए और सामाजिक सुरक्षा समझौता लागू हो गए हैं, जिससे भारत के लगभग 99 प्रतिशत निर्यात पर शून्य शुल्क के साथ बाजार पहुंच प्राप्त होगी और द्विपक्षीय व्यापार मूल्य का लगभग 100 प्रतिशत हिस्सा इसके अंतर्गत आएगा।
उन्होंने कहा कि भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता भारत के वस्त्र, चमड़ा, रत्न और आभूषण, इंजीनियरिंग उत्पाद, समुद्री उत्पाद, रसायन, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम – एमएसएमई, किसानों और निर्माताओं के लिए अभूतपूर्व अवसर पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता देश के आईटी, पेशेवर, वित्तीय, शिक्षा और व्यावसायिक सेवा क्षेत्रों के लिए भी नए रास्ते खोलता है, साथ ही भारतीय प्रतिभाओं की गतिशीलता को भी बढ़ाता है।
श्री गोयल ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा समझौता ब्रिटेन में अस्थायी रूप से काम कर रहे भारतीय पेशेवरों को पांच साल तक दोहरी सामाजिक सुरक्षा अंशदान से छूट देकर साझेदारी को और मजबूत करता है, जिससे भारत के कार्यबल की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता में वृद्धि होती है।
उन्होंने बताया कहा कि भारत और ब्रिटेन एक मजबूत, नवाचार-संचालित साझेदारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास, निवेश और साझा समृद्धि को बढ़ावा देगी।