अक्टूबर 5, 2026 6:19 अपराह्न

printer

उत्तराखंड में शुरू हुआ भारत-यूएई संयुक्त सैन्य अभ्यास माउंटेन गार्डियन 2026

भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात का संयुक्त सैन्य अभ्यास माउंटेन गार्डियन 2026 आज उत्तराखंड में शुरू हुआ। यह अभ्यास पहाड़ी इलाकों में युद्ध की स्थिति में आपसी समन्‍वय, समझ और बेहतर सहयोग बनाने के उद्देश्‍य से किया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस अभ्यास में कुल 92 जवान हिस्सा ले रहे हैं। इनमें दोनों देशों की सेनाओं का बराबर प्रतिनिधित्व है।

मंत्रालय ने बताया कि अभ्यास में सैनिक संयुक्त योजना बनाने, रणनीतिक अभ्‍यास, गोलीबारी का अभ्यास, निगरानी ग्रिड, ड्रोन ऑपरेशन, शारीरिक सहनशक्ति प्रशिक्षण और एकीकृत जमीनी अभ्‍यास आदि गतिविधियां करेंगे।

18 अक्टूबर तक चलने वाला यह अभ्यास दोनों सेनाओं को पेशेवर अनुभव साझा करने, रणनीतिक दक्षता बढ़ाने और परिचालन प्रक्रियाओं के बेहतर तरीके साझा करने का अवसर देगा। यह अभ्यास दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग, मैत्री और विश्‍वास को बढ़ावा देगा।