भारत ने कल ओमान में रोमांचक फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट का खिताब जीत लिया। निचले क्रम के बल्लेबाजों मानल चौहान और मोहित उल्वा की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने मैच में वापसी करते हुए तीन सौ अड़तीस रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य हासिल किया।
आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन रन की जरूरत थी। मोहित उल्वा ने चौका लगाकर भारत को रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब जिताया। मोहित 26 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि मानल चौहान ने 32 गेंद में 47 रन का योगदान दिया। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी 80 रन की शानदार पारी खेली। मोहित उल्वा को प्लेयर ऑफ द मैच और आर्यवीर सहवाग को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
इससे पहले, पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाए। उस्मान खान ने शतक, जबकि अब्दुल कादिर और फरहान यूसुफ ने अर्धशतक लगाए। भारत की ओर से काव्य पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुरुष अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट जीतने पर युवा खिलाड़ियों को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने इसे भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि टीम की इस सफलता से कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी खिताब जीतने पर युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि मैदान पर खिलाड़ियों ने जिस दृढ़ संकल्प, अटूट इच्छाशक्ति और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया, वह भारतीय क्रिकेट की श्रेष्ठता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि टीम का यह प्रदर्शन अन्य उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को भी सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।