राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि यह दिन समृद्ध जनजातीय विरासत और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी देशवासी समावेशी विकास के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए इस अमूल्य विरासत को संरक्षित रखेंगे।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री राधाकृष्णन ने कहा कि साहस और प्रतिरोध के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ आदिवासी समुदाय का नेतृत्व किया और उनके अधिकारों, गरिमा और पहचान के लिए संघर्ष किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनका ‘उलगुलान’ का आह्वान स्वतंत्रता और न्याय के संघर्ष की एक सशक्त आवाज बन गया। उन्होंने यह भी कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पर देश उनकी अमर विरासत और भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में आदिवासी समुदायों के अमूल्य योगदान को याद करता है।
उपराष्ट्रपति ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अवसरों के माध्यम से आदिवासी बच्चों को सशक्त बनाने में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों – ईएमआरएस की परिवर्तनकारी भूमिका का भी उल्लेख किया। ‘आदिवासी शिक्षा का रूपांतरण: एकलव्य से उत्कृष्टता तक’ शीर्षक वाले अपने लेख को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए श्री राधाकृष्णन ने कहा कि आदिवासी बच्चों को शिक्षित करना परिवारों, समुदायों और राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है। अपने लेख में उपराष्ट्रपति ने बतयाा कि ईएमआरएस योजना के अंतर्गत 728 स्कूलों को मंजूरी दी गई है। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि यह योजना पूरक पाठयक्रमों, उपचारात्मक कक्षाओं और द्विभाषी शिक्षण के माध्यम से पहली पीढ़ी के शिक्षार्थियों पर विशेष जोर देती है। उन्होंने छात्रों के कौशल को बढ़ाने के लिए स्मार्ट क्लासरूम, एआई-सक्षम शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उपराष्ट्रपति ने युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण में योगदान देने में सक्षम बनाने के लिए आदिवासी शिक्षा और कौशल विकास में परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
श्री राधाकृष्णन ने झारखंड के स्थापना दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की वीरता, बलिदान और संघर्ष की विरासत से प्रेरित होकर, झारखंड ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, समृद्ध आदिवासी परंपराओं और प्राकृतिक संपदा के माध्यम से राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। श्री राधाकृष्णन ने राज्य के उज्ज्वल भविष्य और सभी निवासियों के सुख और समृद्धि की भी कामना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि धरती आबा का अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान देश की हर पीढ़ी को आत्मसम्मान, स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि धरती आबा से प्रेरणा लेकर सरकार जनजातीय भाई-बहनों के सम्मान, अवसर और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ने सभी से राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के अमूल्य योगदान को याद करते हुए एकजुट होकर उन्हें नमन करने का आह्वान किया। श्री मोदी ने इस अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस की भी शुभकामनाएं दीं।