जुलाई 21, 2026 8:49 अपराह्न

printer

भारत और उत्तरी मैसेडोनिया के रिश्तों को नई मज़बूती; आईटी, कृषि और पर्यटन में सहयोग पर सहमति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत और उत्तरी मैसेडोनिया ने साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी सम्मान पर आधारित अपने गहरे और दोस्ताना रिश्तों को फिर से मज़बूत किया है। स्कोप्जे में राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के साथ बातचीत के बाद राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देश व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने पर सहमत हुए हैं। साथ ही आईटी और आईटी-सक्षम सेवाओं, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल, बायोटेक्नोलॉजी, पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और फिल्म-निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने पर भी सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि भारत-उत्तरी मैसेडोनिया बिजनेस फोरम आर्थिक संबंधों को मज़बूत करने के लिए एक अहम मंच प्रदान करेगा।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत उत्तरी मैसेडोनिया के लिए आईटीईसी ट्रेनिंग स्लॉट की संख्या दोगुनी करेगा। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कोर्स भी शामिल होंगे। उन्होंने भारत के नेतृत्व वाली वैश्विक पहलों- जैसे इंटरनेशनल सोलर अलायंस, कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्लोबल बायोफ्यूल्स अलायंस में उत्तरी मैसेडोनिया के भविष्‍य में शामिल होने का स्वागत किया।

सांस्कृतिक संबंधों पर राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देश स्वास्थ्य सेवा में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन को दोबारा शुरू करेंगे। जिसमें पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने स्कोप्जे संग्रहालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा के संयुक्त अनावरण पर भी खुशी जताई और इसे उन साझा मूल्यों का प्रतीक बताया जो दोनों देशों के लोगों को जोड़ते हैं।

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्कोप्जे में उत्तरी मैसेडोनिया की संसद को भी संबोधित किया। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की उत्तरी मैसेडोनिया की पहली ऐतिहासिक राजकीय यात्रा है। राष्ट्रपति ने 1 अरब 40 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं दीं और उत्तरी मैसेडोनिया को एक स्थिर, बहुध्रुवीय और समृद्ध वैश्विक भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार बताया।

दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों पर राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि साझा सांस्कृतिक मूल्यों, योग, सिनेमा और शैक्षणिक आदान-प्रदान के माध्यम से ऐतिहासिक संबंध लगातार बढ़ रहे हैं।

दोनों देशों के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर बल देते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि संसदें लोगों की स्वतंत्रता की संरक्षक होती हैं। उन्होंने दोनों देशों के युवा सांसदों के बीच बातचीत सहित संसदीय आदान-प्रदान को बढ़ाने का आह्वान किया

राष्ट्रपति मुर्मु ने भरोसा जताया कि उनकी यह अहम यात्रा दोनों देशों के बीच बहुआयामी साझेदारी को और मज़बूत करेगी और द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

इससे पहले, स्कोप्जे में राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास ‘विला वोडनो’ में राष्ट्रपति मुर्मु का औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति को औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तरी मैसेडोनिया के सबसे सम्मानित राष्ट्रीय नायकों में से एक, गोट्से डेल्चेव को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति मुर्मु ने स्कोप्जे के सेंट स्पैस चर्च में स्थित गोट्से डेल्चेव की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। यह समारोह उत्तरी मैसेडोनिया के समृद्ध इतिहास और उसके राष्ट्रीय नायकों के प्रति भारत के सम्मान को दर्शाता है।

राष्ट्रपति मुर्मु की यह यात्रा किसी भारतीय राष्ट्रपति की उत्तरी मैसेडोनिया की पहली यात्रा है। यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों में एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह यात्रा बाल्कन क्षेत्र के देशों के साथ सहयोग बढ़ाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।