भारतीय उद्योग परिसंघ की ओर से जारी एक श्वेत पत्र में कहा गया है कि वर्ष 2030 के शुरुआती वर्षों तक मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र को 100 अरब डॉलर का बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए भारत को इस क्षेत्र की वार्षिक वृद्धि दर बढ़ाकर लगभग 15 प्रतिशत करनी होगी। इसके अनुसार वर्तमान 9 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर से यह क्षेत्र वर्ष 2033 तक केवल लगभग 64 अरब डॉलर तक पहुंच पाएगा। इससे 36 अरब डॉलर के राजस्व का अंतर रह जाएगा। मुंबई में आज सीआईआई बिग पिक्चर समिट 2026 में जारी ‘मीडिया और मनोरंजन का नया अर्थशास्त्र’ शीर्षक वाले इस श्वेत पत्र में लक्ष्य हासिल करने के लिए बाजार आधारित प्रसारण व्यवस्था, पायरेसी यानी कॉपीराइट सामग्री की अवैध नकल और वितरण के खिलाफ ठोस कार्रवाई तथा क्षेत्रीय बाजारों और उभरते व्यवसायों में निवेश को तत्काल प्राथमिकताएं बताया गया है।
News On AIR | अक्टूबर 15, 2026 9:29 अपराह्न
भारत को वर्ष 2030 के शुरुआती वर्षों तक मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की वृद्धि दर बढ़ाकर लगभग 15% करनी होगी: भारतीय उद्योग परिसंघ