जुलाई 22, 2026 2:14 अपराह्न

printer

नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं भारत-लेसोथो के खेल संबंध: केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस बात का उल्‍लेख किया कि भारत-लेसोथो के खेल संबंध नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। श्री मांडविया ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में लेसोथो के खेल मंत्री म्पुती स्टीफन म्पुती के साथ एक सार्थक द्विपक्षीय बैठक की। श्री मांडविया ने कहा कि बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने लेसोथो के खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए खेल विज्ञान, कोच प्रशिक्षण, शारीरिक शिक्षा और विश्व स्तरीय खेल अवसंरचना में भारत की विशेषज्ञता साझा करके खेल साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की। श्री मांडविया ने कहा कि उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण अवसर प्रदान करने के लिए लेसोथो के अधिक ऊंचाई वाले भूभाग का लाभ उठाने की संभावनाओं पर भी विचार किया।

इससे पहले श्री मांडविया ने राष्ट्रमंडल खेल के अध्यक्ष डॉ. डॉनाल्ड रुकारे से मुलाकात की। एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2030 में भारत द्वारा आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के शताब्दी संस्करण को लेकर राष्ट्रमंडल समुदाय में काफी उत्साह है।