भारत संरचनात्मक और प्रतिस्पर्धा-समर्थक सुधारों की वैश्विक रैंकिंग में 25 स्थान ऊपर चढ़कर 82वें से 57वें स्थान पर पहुंच गया है। कॉम्पिटर फाउंडेशन द्वारा जारी इंडियाज नेक्स्ट ग्रोथ फ्रंटियर: रिड्यूसिंग एंटी-कॉम्पिटिटिव मार्केट डिस्टॉर्शंस टू बिल्ड ऑन इंडियाज 2010-2023 रिफॉर्म प्रोग्रेस शीर्षक वाली रिपोर्ट में यह बात कही गई है। रिपोर्ट 2010 और 2023 के बीच देश के सुधार पथ की जांच करते हुए, अपने बाजार विकृति प्रदर्शन सूचकांक के तहत भारत के प्रदर्शन का आकलन करती है, और बाजार विकृतियों को कम करने और प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने में निरंतर प्रयासों में सुधार का श्रेय देती है। रिपोर्ट तीन व्यापक स्तंभों- संपत्ति अधिकारों की सुरक्षा, घरेलू प्रतिस्पर्धा और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में बाजार की विकृतियों का मूल्यांकन करती है। इसमें वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), दिवाला एवं ऋणशोधन अक्षमता संहिता (आई बी सी), नियामकीय वातावरण में सुधार और व्यापार सुविधा प्रणाली के आधुनिकीकरण जैसे सुधारों पर प्रकाश डाला गया है। यह प्रतिस्पर्धा, निवेश की स्थिति, डिजिटल बाजारों और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता और भागीदारी को प्रभावित करने वाली बाहरी नियामक बाधाओं से संबंधित विकास की भी जांच करता है
News On AIR | जुलाई 30, 2026 7:17 अपराह्न
वैश्विक सुधार रैंकिंग में भारत 25 पायदान की छलांग लगाकर 57वें स्थान पर पहुंचा