नवम्बर 26, 2026 2:30 अपराह्न

printer

भारत ने वर्ष 2025-26 में 378 मिलियन टन से अधिक खाद्यान्न उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाया: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया है कि भारत ने वर्ष 2025-26 में 378 मिलियन टन से अधिक खाद्यान्न उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में दो करोड आठ लाख टन अधिक है।

श्री चौहान ने नई दिल्ली में आज एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत लगातार दूसरे वर्ष दुनिया में चावल का सबसे बड़ा उत्पादक बना हुआ है। देश में चावल का कुल उत्पादन 15 करोड पचास लाख टन से अधिक रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 49 लाख 70 हजार टन से अधिक है।

गेहूं उत्पादन में भारत विश्‍व में दूसरे स्‍थान पर बना हुआ है। इसका उत्पादन रिकॉर्ड लगभग 12 करोड बीस लाख टन रहा। श्री चौहान ने बताया कि दलहन का उत्पादन भी पिछले वर्ष के लगभग 256 लाख टन से बढ़कर 272 लाख टन हो गया है।

वर्ष 2026-27 के खरीफ मौसम के पहले अग्रिम अनुमान जारी करते हुए श्री चौहान ने कहा कि प्रतिकूल मौसम, मानसून में देरी और मिट्टी में नमी की कमी के बावजूद खरीफ खाद्यान्न उत्पादन पांच वर्षों के औसत से 97 लाख 67 हजार टन अधिक रहने का अनुमान है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में इन परिस्थितियों का प्रभाव देखा गया है।