सितम्बर 10, 2026 7:46 अपराह्न

printer

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है: केन्द्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत दो लाख 30 हजार से अधिक स्टार्टअप के साथ दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है। नई दिल्ली में उभरते विज्ञान और प्रौद्योगिकी नवाचार सम्मेलन 2026 के पूर्वावलोकन कार्यक्रम कार्यक्रम में डॉ. सिंह ने कहा कि अब 50 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप महानगरों के बजाय छोटे शहरों से आ रहे हैं। यह देशभर में उद्यमिता और नवाचार के बढ़ते विस्तार को दर्शाता है।

उन्‍होंने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार क्षेत्र में विकास को तेज करने के लिए सरकार ने संपूर्ण सरकार और संपूर्ण समाज के दृष्टिकोण को अपनाया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन शोधकर्ताओं, नवोन्मेषकों, स्टार्टअप, उद्यमियों, उद्योग और नीति-निर्माताओं के बीच बेहतर समन्वय का अवसर प्रदान करेगा। डॉ. सिंह ने कहा कि आज विज्ञान केवल वैज्ञानिकों तक सीमित नहीं रह सकता। वैज्ञानिक अनुसंधान को सफल, टिकाऊ और व्यावसायिक रूप से उपयोगी बनाने के लिए संचार, प्रबंधन और बाजार की समझ भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद ने कहा कि यह सम्मेलन संपूर्ण सरकार के दृष्टिकोण को दर्शाता है और युवा नवोन्मेषकों, नीति-निर्माताओं, संस्थानों तथा उद्योग को एक साझा राष्ट्रीय लक्ष्य के अंतर्गत एक साथ लाता है।

27 से 29 अक्टूबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम् में आयोजित तीन दिन के सम्मेलन में पूर्ण सत्र, 12 विषय आधारित तकनीकी सत्र, पैनल चर्चाएं, विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के प्रमुख विशेषज्ञों तथा डीप-टेक स्टार्टअप के प्रस्तुतिकरण, प्रदर्शनियां, पोस्टर प्रस्तुतियां और बी-टू-बी तथा बी-टू-जी बैठकें होंगी। इसमें भारत के उभरते स्टार्टअप और डीप-टेक इकोसिस्टम पर आधारित प्रदर्शनी भी होगी। सम्‍मेलन को दूसरे दिन से लोगों के लिए खोला जाएगा।