भारत के इस वर्ष दिसंबर तक कम से कम तीन और देशों के साथ द्विपक्षीय निवेश संरक्षण समझौते संपन्न करने की उम्मीद है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण ने आज नई दिल्ली में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में कहा कि निवेशकों के लिए अधिक अनुकूल द्विपक्षीय निवेश संधियों का नया प्रारूप तैयार है और इसे जल्द ही मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि नए प्रारूप में दोनों पक्षों के निवेशकों को अधिक मजबूत सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास किया गया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि भारत ने संयुक्त अरब अमीरात, ओमान और कुछ मध्य एशियाई देशों के साथ भी इसी तरह के समझौते किए हैं। उन्होंने बताया कि कनाडा और रूस सहित कई देशों के साथ द्विपक्षीय निवेश संरक्षण समझौतों पर बातचीत चल रही है।