भारत ने पाकिस्तान में 100 वर्ष पुराने हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान के नारोवाल जिले के सिराज गांव में मंदिर को गिराए जाने की खबरों के संबंध में मीडिया के सवालों के जवाब में पूजा स्थल में तोड़फोड़ को निंदनीय बताया।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों की स्पष्ट उदासीनता और सौ वर्ष पुराने मंदिर की रक्षा करने में उनकी विफलता चिंताजनक है। श्री जायसवाल ने कहा कि ऐसी घटनाएं पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की असुरक्षा और उनकी धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघन को दर्शाती है।
भारत ने पाकिस्तान सरकार से इस घटना की शीघ्र और पारदर्शी जांच करने तथा दोषियों को जवाबदेह ठहराने का आह्वान किया है। भारत ने पाकिस्तानी सरकार से मंदिर का पुनर्निमाण करने और अपने सभी अल्पसंख्यक नागरिकों तथा उनकी सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा सुनिश्चित करने के अपने प्राथमिक दायित्व को पूरा करने का आग्रह किया है।