सितम्बर 2, 2026 11:30 पूर्वाह्न

printer

भारत और अमरीका महत्वपूर्ण खनिजों के विषय में और अधिक मिलकर काम करने पर सहमत

भारत और अमरीका महत्वपूर्ण खनिजों के विषय में और अधिक मिलकर काम करने के लिए सहमत हो गए  हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और अमरीका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के बीच हुई बैठक के बाद इस पर सहमति बनी। इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना है।

कल उत्तरी कैरोलिना के ऐशविले में जी-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। इस बैठक में महत्वपूर्ण खनिजों और सुरक्षित आपूर्ति श्रृंखलाओं पर चर्चा भारत-अमरीका आर्थिक वार्ता के केंद्र में रही। लंबे समय से चले आ रहे आपसी संबंधों के साथ दोनों पक्षों ने कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर वित्त मंत्री सीतारमण ने श्री बेसेंट को इस वर्ष के अंत में भारत-अमरीका आर्थिक और वित्तीय साझेदारी संबंधी बैठक के लिए भारत आने का निमंत्रण भी दिया। यह प्रस्तावित यात्रा दोनों देशों की सरकारों को आर्थिक और वित्तीय सहयोग की समीक्षा करने और उन क्षेत्रों की पहचान करने का एक और अवसर प्रदान करेगी जिनमें साझेदारी का विस्तार किया जा सकता है।