मई 19, 2026 2:30 अपराह्न

printer

मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिन के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया

मौसम विभाग ने दिल्ली, मध्य प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज भीषण लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। बिहार और मराठवाड़ा में भी आज ऐसी ही स्थिति रहने की सम्‍भावना है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले पांच दिन तक लू चलेगी। राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के तटीय भागों में भी ऐसी ही स्थिति रहने की सम्‍भावना है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में 24 मई तक अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ सकता है।

बिहार, कर्नाटक के तटीय भाग, पूर्वी उत्तर प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में आज मूसलाधार बारिश की संभावना है। माहे, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र, सिक्किम, पुद्दुचेरी, कराईक्‍काल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने राष्‍ट्रीय राजधानी में तीन दिन के लिए भीषण गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दिन के समय दिल्‍ली में कुछ स्‍थानों पर भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है।

मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। छतरपुर जिले के खजुराहो में कल तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौगांव में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और राजधानी भोपाल में 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राज्य के 22 शहरों में पहली बार अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। 
 
राजगढ़, विदिशा, खंडवा, रतलाम, खजुराहो, नौगांव, चित्रकूट, अमरकंटक, श्योपुर और दतिया में भीषण गर्मी पड़ रही है। पिछले 24 घंटे में रीवा मंडल में तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। इंदौर मंडल में तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज भिंड, दतिया, निवारी, टीकमगढ़ और छतरपुर के लिए भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।
 
उत्तर प्रदेश में अगले सप्ताह भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्‍य में बांदा 47 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लगातार दूसरे दिन भी देश का सबसे गर्म स्थान रहा। 
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग और राहत एजेंसियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।