अगस्त 19, 2026 2:52 अपराह्न

printer

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आज मूसलाधार बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने आज उत्तरी छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। पूर्वोत्‍तर भारत, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में आज तेज बारिश हो सकती है।

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र, विदर्भ, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईक्काल, केरलम और माहे में भी इसी तरह का मौसम रह सकता है।

उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईक्काल, आंध्र प्रदेश, बिहार, तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में आज गरज के साथ बौछारें पडने की संभावना है।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के मैदानी इलाकों में पानी भर रहा है। इससे कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।

चंडीगढ़, मोहाली और पंचकुला क्षेत्र में भी मूसलाधार बारिश और पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।

पंजाब के आनंदपुर साहिब के कुछ हिस्सों में भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से नदी के किनारों से दूर रहने और बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

गुरदासपुर में रावी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण मकोरा पट्टन गांव के लिए नाव सेवा बंद कर दी गई है। इससे करीब छह गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। पठानकोट में भी कल रात तेज बारिश हुई।

इस बीच, मौसम विभाग ने आज पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब तथा हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, पंचकुला और आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।