ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी ने यूक्रेन को चेतावनी दी है कि कैस्पियन सागर में एक ईरानी वाणिज्यिक पोत पर हुए कथित हमले का जवाब अवश्य दिया जाएगा। इब्राहिम अज़ीज़ी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान पर किसी भी हमले की कीमत चुकानी होगी। उन्होंने संकेत दिया कि यूक्रेन को जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उनकी यह टिप्पणी ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची द्वारा यूक्रेन पर पोत पर हमला करने का आरोप लगाने के बाद आई है, जिसमें एक नाविक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। सैयद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोद्योमिर ज़ेलेंस्की ने हमले का आदेश दिया था। ईरानी विदेश मंत्री ने इसे संधि का उल्लंघन बताते हुए कहा कि ईरान इसका जवाब देगा।
ईरान ने इससे पहले तेहरान में यूक्रेन के कार्यवाहक राजदूत को तलब कर घटना पर औपचारिक विरोध दर्ज कराया था। यह राजनयिक विरोध व्लोद्योमिर ज़ेलेंस्की की उस घोषणा के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि यूक्रेन ने कैस्पियन सागर सहित रूस में सैन्य लक्ष्यों पर लंबी दूरी के हमले किए हैं।