जुलाई 20, 2026 9:42 अपराह्न

printer

हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर समुद्री प्रतिबंध लगाने की घोषणा की

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के खिलाफ समुद्री प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा कि यह कदम यमन पर लगाए गए प्रतिबंध और हाल में सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले के जवाब में उठाया गया है। उन्होंने इसे जवाबी कार्रवाई बताया।

इस घोषणा से बाब-अल-मंदेब जल-डमरू-मध्य में संभावित व्यवधान की चिंता बढ़ गई है। यह समुद्री मार्ग लाल सागर और अदन की खाड़ी को जोड़ता है और वैश्विक व्यापार के लगभग 12 प्रतिशत हिस्से के लिए महत्वपूर्ण है।

सऊदी अरब ने अभी तक इस घोषणा पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सऊदी अरब 2015 से हूतियों के खिलाफ गठबंधन का नेतृत्व कर रहा है और उसने यमन पर हवाई और समुद्री प्रतिबंध लगाए थे। यमन में गृहयुद्ध 2014 में शुरू हुआ था, जब हूतियों ने राजधानी सना और उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था।