सितम्बर 9, 2026 11:19 पूर्वाह्न

printer

गृह मंत्री और लोकसभा अध्‍यक्ष ने परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा को जयंती पर श्रद्धांजलि दी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने परम वीर चक्र सम्‍मानित कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री शाह ने कहा कि कारगिल युद्ध में कैप्‍टन विक्रम बत्रा ने न केवल रणनीतिक रूप से महत्‍वपूर्ण चोटियों पर कब्‍जा किया बल्कि अपने उत्कृष्ट नेतृत्व और वीरता के जरिए सहयोगी सैनिकों का हौसला भी बढ़ाया। उन्‍होंने कहा कि कैप्‍टन बत्रा ने 24 वर्ष की युवा अवस्‍था में ही राष्‍ट्र के लिए अपने प्राण न्‍योछावर कर दिए। गृह मंत्री ने कहा कि मातृभूमि के लिए कैप्‍टन बत्रा की प्रतिबद्धता युवाओं को सदैव राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने परम वीर चक्र सम्‍मानित कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री बिरला ने कहा कि कैप्‍टन बत्रा ने कारगिल की बर्फीली चोटियों पर अदम्‍य देशभक्ति की भावना और अतुलनीय वीरता के साथ राष्‍ट्र की रक्षा करते हुए सवोच्‍च बलिदान दिया। लोक सभा अध्‍यक्ष ने कहा कि कैप्‍टन बत्रा की वीरता और साहस आने वाली पीढि़यों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।