गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्षों के जनसेवा के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। गुजरात का वड़नगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गृह नगर है। यह अभियान एक महीने तक चलेगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल भी उपस्थित थे। श्री शाह ने अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ मिलकर जनसेवा का संदेश फैलाने के लिए वड़नगर से वाराणसी तक साइकिल रैली को रवाना किया।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जनजीवन “राष्ट्र सर्वोपरि” के सिद्धांत से सर्वथा स्पष्ट होता है। श्री शाह ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए देश को ऐसे और अधिक समर्पित नेताओं की आवश्यकता है जो इस निस्वार्थ भाव से प्रेरित हों।
श्री शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए अभूतपूर्व परिवर्तन का वर्णन किया। श्री मोदी ने भारत को “कमजोर पांच” देशों में से एक से विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में बदल दिया। उन्होंने बंदरगाहों, सड़कों, हवाई अड्डों और डिजिटल नेटवर्क सहित बुनियादी ढांचे में हुए व्यापक विकास पर भी प्रकाश डाला। श्री मोदी के कार्यकाल के दौरान भारत एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित हो गया है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वड़नगर में आज उनके जन्मदिन के अवसर पर कई कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ ऐतिहासिक शर्मिष्ठा झील पर भव्य महा आरती में भाग लिया। गणमान्य व्यक्तियों ने झील से हटकेश्वर मंदिर तक पदयात्रा का नेतृत्व किया और प्रार्थना की। गृह मंत्री अमित शाह ने वड़नगर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान में भी भाग लिया।