मौसम विभाग ने आज पूर्वी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने शनिवार तक इस क्षेत्र में तेज बारिश का अनुमान लगाया है। विभाग ने बताया कि अगले तीन दिनों में पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम, विदर्भ और उत्तर प्रदेश में तेज बारिश होने की संभावना है।
वहीं, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, बिहार, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर भी अगले दो दिनों में अधिक बारिश होने की संभावना है।
ओडिशा के बालासोर जिले में सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण बाढ का खतरा बढ गया है। राजघाट में नदी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है ।
झारखंड में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के बाद कई हिस्सों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालांकि बारिश रूकने के बाद कुछ नदियों का जलस्तर कम हो गया है, लेकिन प्रशासन कई क्षेत्रों में स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है।
बिहार में पटना और कई अन्य जिलों में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे नए इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।