हरियाणा पुलिस ने अंतरराज्यीय बाल तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के सरगना पंजाब के मुक्तसर निवासी परगट सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अब तक मिली जानकारी के आधार पर गिरोह ने देशभर में करीब 50 शिशुओं को बेचा है।
बहादुरगढ़ के पुलिस उपायुक्त मयंक मिश्रा ने आकाशवाणी को बताया कि चार महीने से अधिक समय तक पीछा करने के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरोह से जुड़े अब तक 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच ऐसे माता-पिता भी शामिल हैं, जिन्होंने बच्चों को अवैध रूप से गोद लिया था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह शिशुओं की खरीद-फरोख्त में शामिल था और इसका नेटवर्क पंजाब से महाराष्ट्र, गुजरात और सिलीगुड़ी समेत दस से अधिक राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिशुओं के जैविक माता-पिता का पता लगाने का भी प्रयास किया जा रहा है।