सितम्बर 12, 2026 12:53 अपराह्न

printer

श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री बिरला ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब जी की शिक्षाएं मानवता, प्रेम, समानता, सेवा और करुणा का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि ये शिक्षाएं हमें सत्य के मार्ग पर चलने और जरूरतमंदों की सेवा करने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कामना की कि गुरु ग्रंथ साहिब जी की शिक्षाओं से समाज में शांति, भाईचारा और एकता बढ़े।

गृह मंत्री अमित शाह ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री शाह ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब जी की शिक्षाएं सेवा, त्याग, समानता, करुणा और मानवता की भावना को बढ़ावा देती हैं और समाज को मानव कल्याण के लिए प्रेरित करती हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर सिख समुदाय के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की शिक्षाएं मानवता को सत्य, सेवा, समानता, करुणा और सद्भाव की राह दिखाती हैं।

श्री सिंह ने कहा कि गुरू ग्रंथ साहिब का संदेश लोगों को आपसी सद्भाव, सम्मान और भाईचारे की भावना के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है। रक्षा मंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह पवित्र अवसर सभी के जीवन में शांति, सुख और समृद्धि लाएगा तथा मानव कल्याण के प्रति संकल्प को और मजबूत करेगा।