सितम्बर 2, 2026 6:57 पूर्वाह्न

printer

रकार ने प्याज की कीमतों पर नियंत्रण के लिए बफर स्टॉक की लक्षित आपूर्ति शुरू की

सरकार ने प्याज की मौसमी मूल्य दबाव को कम करने के लिए कांदा एक्सप्रेस और सड़क परिवहन के माध्यम से बफर स्टॉक की सुनियोजित और लक्षित आपूर्ति शुरू कर दी है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा कि व्यापक उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 30 से अधिक ट्रकों की तैनाती के साथ 19 शहरों में खुदरा हस्तक्षेप प्रयासों का विस्तार किया गया है।

मंत्रालय ने सूचित किया कि नासिक से कांदा एक्सप्रेस से 450 मीट्रिक टन प्याज दिल्ली पहुंच गई है और बाद में इसे वाराणसी, लखनऊ, चंडीगढ़, अमृतसर और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वितरित किया गया है।

मंत्रालय ने आगे कहा कि 840 मीट्रिक टन प्याज कल चेन्नई पहुंच गई और इसे तमिलनाडु के विभिन्न जिलों में वितरित किया जाना है। मंत्रालय ने बताया कि मौजूदा बाजार स्थितियों और मूल्य रुझानों के आधार पर लगभग एक हजार मीट्रिक टन प्याज सड़क मार्ग से प्रमुख उपभोग केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है।

मंत्रालय ने सूचित किया है कि लगभग 3400 किसानों को 210 करोड़ रुपये का सीधा भुगतान किया जा चुका है। सरकार, प्याज किसानों को समर्थन देने के साथ-साथ उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त और किफायती उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने रेलगाड़ियों के माध्यम से बड़ी मात्रा में प्याज की ढुलाई और निपटान के दौरान किसी भी प्रकार की चोरी रोकने और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय भी किए हैं।

मंत्रालय ने बताया कि बफर स्टॉक से प्याज जारी करने से बाजार में उपलब्धता में सुधार हुआ है और निपटान शुरू होने के अगले दिन से कीमतों में गिरावट आई है, और आपूर्ति में वृद्धि से कीमतों में स्थिरता को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।