सरकार ने आज कहा कि पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति को देखते हुए समन्वित उपायों के जरिए प्रमुख क्षेत्रों में तैयारी और निरंतरता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि देशभर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। एलपीजी वितरण केंद्रों पर किसी भी कमी की सूचना नहीं है। मंत्रालय ने कहा कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए पूरे देश में कल ढाई हजार से अधिक छापे मारे गए और 750 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए। मंत्रालय ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने औचक निरीक्षण बढ़ा दिए हैं। 263 एलपीजी वितरकों पर जुर्माना और 67 एलपीजी वितरकों को निलंबित किया गया है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि कल तक ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग बढकर लगभग 98 प्रतिशत हो गई है।
मंत्रालय के अनुसार 23 मार्च से अब तक 17.25 से अधिक 5 किलोग्राम के एफटीएल सिलेंडरों की बिक्री की गई है। ऑटो एलपीजी की बिक्री में 70 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कल 52 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए। 22 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को अतिरिक्त वाणिज्यिक एलपीजी आवंटन किया जा रहा है।
देश भर में बंदरगाह संचालन सामान्य है। ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने दो हजार 373 भारतीय नागरिकों को ईरान से आर्मेनिया और अजरबैजान होते हुए स्वदेश वापसी में सहायता की है। 28 फरवरी से अब तक लगभग 10.68 हजार यात्री ईरान से भारत लौटें हैं।