अनंत चतुर्दशी के अवसर पर आज महाराष्ट्र सहित देशभर में गणेशोत्सव का समापन हो रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं के साथ विसर्जन शोभायात्राओं में शामिल हो रहे हैं। शोभायात्राओं के सुचारु और सुरक्षित संचालन के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
मुंबई में लालबागचा राजा, गणेश गली के मुंबईचा राजा, चिंचपोकली के चिंतामणि और बोरीवली के उपनगरचा राजा सहित प्रमुख गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्राएं शुरू हो गई हैं। शहर में 67 प्राकृतिक विसर्जन स्थलों और 383 से अधिक कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए 24 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं और प्रमुख स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
पुणे में पांच मानाचे गणपति की विसर्जन शोभायात्राएं शुरू हो गई हैं। कसबा गणपति की प्रतिमा ने सुबह करीब 10 बजे विसर्जन के लिए प्रस्थान किया। मध्य पुणे में यातायात मार्गों में बदलाव किया गया है।
नासिक में 25 गणेश मंडल विसर्जन शोभायात्रा में शामिल हो रहे हैं और 77 आधिकारिक विसर्जन स्थल बनाए गए हैं। नांदेड में बिना डीजे के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ विसर्जन किया जा रहा है।