पश्चिम बंगाल में अगले दो वर्ष में चार नए हवाई अड्डों का विकास किया जाएगा। इस संबंध में केंद्र और राज्य सरकार के बीच आज नबन्ना में नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू और राज्य के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी की उपस्थिति में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए।
श्री नायडू ने कहा कि इस परियोजना में हासिमारा और कलाइकुंडा में सैन्य हवाइअड्डे के भीतर यात्री टर्मिनल और अन्य सुविधाएं विकसित करना, बालुरघाट हवाई अड्डे का विस्तार और पुरुलिया में नए हवाई अड्डे का निर्माण शामिल है।
उन्होंने कहा कि कलाइकुंडा में 2,700 मीटर से अधिक लंबा रनवे बनाया जाएगा। बागडोगरा में एक नए टर्मिनल भी बनाया जाएगा।
नायडू ने कहा कि देश में हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर 166 हो गई है। संशोधित उड़ान योजना के तहत, अगले दस वर्षों में 100 और हवाई अड्डों की योजना है। श्री शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार से कोलकाता से यूरोपीय शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने और आंदल से प्रमुख गंतव्यों तक पहुंच बढ़ाने का आग्रह भी किया गया है। उन्होंने अयोध्या, तिरुपति और अमृतसर के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू करने की मांग की।
श्री अधिकारी ने बताया कि कल्याणी में लगभग दो हजार एकड़ भूमि पर कोलकाता के लिए दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का काम शुरू हो गया है। उन्होंने बेहाला में एक उड़ान प्रशिक्षण संस्थान के लिए भी मंजूरी मांगी। उन्होंने कहा कि नए हवाई अड्डों से कृषि, पर्यटन, उद्योग, निवेश, रोजगार और क्षेत्रीय पहुंच को बढ़ावा मिलेगा।