जुलाई 7, 2026 11:22 पूर्वाह्न

printer

मंगोलिया के पूर्व राष्ट्रपति ने भारत समर्थित दोर्नोगोवी तेल रिफाइनरी परियोजना की प्रगति की सराहना

मंगोलिया के पूर्व राष्ट्रपति और सत्तारूढ़ मंगोलियाई पीपुल्स पार्टी (एमपीपी) के नेता नंबरिन एनखबयार ने भारत समर्थित दोर्नोगोवी तेल रिफाइनरी परियोजना के निर्माण में हुई प्रगति की सराहना की। भारत सरकार द्वारा प्रदत्त एक अरब 70 करोड़ डॉलर की ऋण सीमा के समर्थन से कार्यान्वित की जा रही मंगोल तेल रिफाइनरी परियोजना, मंगोलिया की सतत ऊर्जा रणनीति का महत्वपूर्ण घटक और  प्रमुख पहल है।

मंगोलिया स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि भारतीय राजदूत अतुल मलहारी गोत्सुर्वे ने मंगोलिया के पूर्व राष्ट्रपति के साथ दोर्नोगोवी स्थित तेल रिफाइनरी परियोजना के निर्माण स्थल का दौरा किया और ‘इंजीनियर्स इंडिया’, ‘मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड’ और मंगोल रिफाइनरी के इंजीनियरों और कर्मचारियों से बातचीत की।

दूतावास ने बताया कि मंगोलिया के पूर्व राष्ट्रपति ने इस विशाल परियोजना के निर्माण में हुई प्रगति की सराहना की। दूतावास ने कहा कि यह परियोजना भारत-मंगोलिया द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी तथा मंगोलिया को सतत ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।