नवम्बर 26, 2026 2:18 अपराह्न

printer

विकसित राष्ट्र बनने के लिए भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत और आधुनिक होना जरूरी: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि विकसित राष्ट्र और प्रमुख वैश्विक शक्ति बनने के भारत के लक्ष्य को मजबूत, सक्षम और आधुनिक तकनीक से लैस राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था का समर्थन मिलना जरूरी है। श्री सिंह ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय-एन.डी.सी. के 66वें पाठ्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसी राष्ट्र की ताकत केवल उसकी सैन्य क्षमता या आर्थिक संसाधनों से नहीं, बल्कि उसकी संस्थाओं की गुणवत्ता, नेतृत्व की दूरदर्शिता और बदलती दुनिया के अनुरूप ढलने की क्षमता से भी तय होती है।

रक्षा मंत्री ने पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1960 में स्थापना के बाद से राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय रणनीतिक अध्ययन के भारत के प्रमुख संस्थान के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसा संस्थागत वातावरण तैयार करने का प्रयास होना चाहिए, जहां सामूहिक अनुभव और बौद्धिक क्षमता के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का समाधान किया जा सके।

हाल ही में संपन्न हुए इस दो सप्ताह के कार्यक्रम के चौथे संस्करण में ग्लोबल साउथ के 22 देशों के 25 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनके अलावा सशस्त्र बलों और सिविल सेवाओं के 10 वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों तथा रक्षा कंपनियों के तीन अधिकारियों ने भी भाग लिया।