नेपाल के गोरखा जिले में बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक बाढ़ के बाद अब तक नौ विदेशी नागरिकों सहित 80 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है। पांच लोग अब भी लापता हैं। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार चार हेलीकॉप्टरों की मदद से 82 लोगों को बचाया गया। आज सुबह लगभग 4 बजे आई बाढ़ में घर और पुल बह गए तथा कई जलविद्युत परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। बचाव और राहत कार्यों में नेपाली सेना के 171 जवानों सहित 700 से अधिक सुरक्षाकर्मी जुटे हैं।
प्रारंभिक खबरों के अनुसार चुमनुबरी में लगभग तीन दर्जन घर बह गए और 45 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। आपदा से दो सस्पेंशन ब्रिज, दो मोटर पुल और तीन जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है।
इस बीच एक पुल बह जाने से मनास्लू ट्रेकिंग मार्ग पर कई पर्यटक फंस गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पर्यटक सुरक्षित हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। बाढ से हुए नुकसान का आकलन अभी बाकी है।