केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन कल कनाडा और अमरीका के आधिकारिक दौरे पर रवाना होंगी। वित्त मंत्रालय के अनुसार इस दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय साझेदारी को मजबूत करना, निवेश बढाना और साझा वैश्विक आर्थिक प्राथमिकताओं पर सहयोग को आगे ले जाना होगा।कनाडा में श्रीमती सीतारामन कनाडा के वित्त मंत्री फ्रांस्वा फिलिप शैम्पेन के साथ पहली ‘आर्थिक और वित्तीय वार्ता’ में हिस्सा लेंगी।
श्रीमती सीतारामन मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, अध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक ‘निवेश राउंडटेबल’ में भी हिस्सा लेंगी। इस बातचीत का मकसद भारत और कनाडा के बीच कारोबारी संबंधों को बढ़ावा देना, निवेश के मौकों की पहचान करना और लंबी अवधि की व्यावसायिक साझेदारी को आगे बढ़ाना होगा, जिसमें गिफ्ट सिटी-आई.एफ.एस.सी. में मौजूद मौके भी शामिल हैं।
इसके बाद अमरीका दौरे में श्रीमती सीतारामन शिकागो, एशविले और न्यूयॉर्क जाएंगी। शिकागो में, वित्त मंत्री प्रमुख निवेशकों के साथ एक राउंडटेबल कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगी और निजी क्षेत्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, अध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगी। शिकागो में चुनिंदा कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी। इन चर्चाओं का फोकस भारत में निवेश के मौकों, आर्थिक दृष्टिकोण और भारत और अमरीका के बीच व्यापार और निवेश साझेदारी को मजबूत करने के क्षेत्रों पर होगा। वित्त मंत्री सीतारामन शिकागो यूनिवर्सिटी के पोल्स्की सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन का भी दौरा करेंगी।
इस यात्रा के दौरान, नैसडैक – जो एक अग्रणी वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक बाज़ार और दुनिया के प्रमुख टेक्नोलॉजी-आधारित वित्तीय बाज़ार प्लेटफ़ॉर्म में से एक है – श्रीमती सीतारामन के लिए ‘बेल-रिंगिंग’ समारोह आयोजित करेगा। यह यात्रा अगले महीने की 2 तारीख को सम्पन्न होगी।