वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने अमरीका के एशविल में जी-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक से इतर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष-आईएमएफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने वैश्विक आर्थिक स्थिति और भारत की बदलती विकास गति पर चर्चा की।
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों नेताओं ने विश्लेषण क्षमता मजबूत करने, सुदृढ़ व्यापक आर्थिक नीतियों को बढ़ावा देने और वैश्विक आर्थिक मजबूती में योगदान के लिए भारत और आईएमएफ के बीच निरंतर सहयोग के महत्व पर जोर दिया।
सुश्री क्रिस्टालिना ने भारत के मजबूत आर्थिक प्रदर्शन और अब तक के रिकॉर्ड की सराहना की। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का भी उल्लेख किया। वित्त मंत्री ने भारत की मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियादी स्थिति और ठोस तथ्यों पर आधारित प्रभावी निगरानी व्यवस्था के महत्व पर जोर दिया।