सितम्बर 2, 2026 1:47 अपराह्न

printer

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यूरोपीय अर्थव्यवस्था आयुक्त से मुलाकात की

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कल अमरीका के एशविल में जी-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक से इतर यूरोपीय अर्थव्यवस्था आयुक्त वाल्दिस डोम्ब्रोव्स्किस से मुलाकात की।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने भारत-यूरोपीय संघ आर्थिक और वित्तीय साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। इसमें भारत-यूरोपीय संघ व्यापक आर्थिक संवाद और व्यापार तथा प्रौद्योगिकी परिषद के माध्यम से सहयोग बढ़ाने के मुद्दे शामिल रहे। दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते और निवेश संरक्षण समझौते के लिए चल रही वार्ताओं पर भी चर्चा की।

दोनों पक्षों ने महत्वपूर्ण कच्चे माल और प्रौद्योगिकियों में सहयोग सहित मजबूत और विविध आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने पर विचार साझा किए। इसके अलावा, फिनटेक, एआई और जनरेटिव एआई के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने तथा भारतीय और यूरोपीय स्टार्ट-अप के बीच अधिक संपर्क को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

इससे पहले, सोमवार को श्रीमती सीतारमण ने एशविल में दक्षिण कोरिया के उप प्रधानमंत्री कू यून-चोल से भी मुलाकात की। दोनों मंत्रियों ने भारत और दक्षिण कोरिया के बीच आर्थिक और वित्तीय सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की।

दोनों मंत्रियों ने भारत और दक्षिण कोरिया की क्यूआर आधारित भुगतान प्रणालियों को आपस में जोड़ने की दिशा में जारी प्रयासों पर भी चर्चा की। इससे दोनों देशों के बीच भुगतान की सुविधा बढ़ने और आर्थिक तथा संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।