वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन आज मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सिंगापुर के आधिकारिक दौरे पर रवाना हुईं। वे वहां चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक-आईएसएमआर में हिस्सा लेंगी। प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद शामिल हैं।
भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी। यह दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग का एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय मंच है। इसके तहत उन्नत विनिर्माण, संपर्क, डिजिटल क्षेत्र, स्वास्थ्य और चिकित्सा, कौशल विकास तथा सतत विकास सहित छह प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाती है और नए अवसर तलाशे जाते हैं।
वित्त मंत्रालय ने कहा है कि चौथी आईएसएमआर बैठक में इन क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी और भारत-सिंगापुर आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए नए अवसरों पर चर्चा होगी।