विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत-बहरीन सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। श्री जयशंकर ने कल अपनी दो दिन की बहरीन यात्रा समाप्त की। यात्रा के दौरान, डॉ. जयशंकर ने बहरीन के राजा, हमद बिन ईसा अल खलीफा और क्राउन प्रिंस तथा प्रधानमंत्री, सलमान बिन हमद अल खलीफा से मुलाकात की। उन्होंने उप प्रधानमंत्री शेख खालिद बिन अब्दुल्ला अल खलीफा से भी मुलाकात की। इन मुलाकातों के दौरान, विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिवादन व्यक्त किया और बहरीन के साथ दीर्घकालिक और मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय साझेदारी को और गहरा करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बहरीन में भारतीय समुदाय की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए बहरीन के नेतृत्व को धन्यवाद दिया।
डॉ. जयशंकर ने बहरीन के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुललतीफ बिन राशिद अल ज़ायनी के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने भारत-बहरीन संबंधों की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। विदेश मंत्री ने अगले वर्ष तक संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थाई सदस्य के रूप में बहरीन की भूमिका पर बधाई दी। उन्होंने बहरीन में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत की।
श्री जयशंकर कतर, बहरीन, कुवैत, ओमान, न्यूयॉर्क और ब्रुसेल्स की 11 दिन की यात्रा पर हैं।