विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत और बहरीन के बीच सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है।
दो दिन की बहरीन यात्रा के दौरान विदेश मंत्री ने वहां के उप प्रधानमंत्री खालिद बिन अब्दुल्ला अल खलीफा के साथ द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया।
डॉ. जयशंकर ने बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा से मुलाकात की। उन्होंने बहरीन के युवराज और प्रधानमंत्री सलमान बिन हमद अल खलीफा से भी भेंट की। विदेश मंत्री ने बहरीन में रहने वाले भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी संवाद किया।
डॉ. जयशंकर ने बहरीन के समाज और विकास में भारतीय समुदाय के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय भारत और बहरीन के बीच एक जीवंत सेतु के रूप में काम कर रहा है।
विदेश मंत्री कतर, बहरीन, कुवैत, ओमान, न्यूयॉर्क और ब्रुसेल्स का दौरे पर है।