जुलाई 7, 2026 5:07 अपराह्न

printer

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और सीरिया के राष्ट्रपति की बैठक से पहले दमिश्क में विस्फोट, 18 लोग घायल

सीरिया की राजधानी दमिश्क में आज दोपहर दो विस्फोट हुए। इनमें 4 पुलिसकर्मियों सहित 18 लोग घायल हो गए।

ये विस्फोट फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा की राष्ट्रपति भवन में होने वाली बैठक से ठीक पहले हुए। राष्ट्रपति मैक्रों कल दमिश्क पहुंचे थे। बशर अल-असद सरकार के पतन के बाद युद्ध प्रभावित सीरिया का दौरा करने वाले वे पहले प्रमुख यूरोपीय नेता हैं। खबरों के अनुसार, यह विस्फोट राष्ट्रपति मैक्रों के होटल के निकट हुए हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उनकी यात्रा तय कार्यक्रम के अनुसार जारी है।

सीरिया के गृह मंत्रालय के हवाले से सरकारी मीडिया ने बताया कि आंतरिक सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान दो विस्फोटक उपकरणों का पता लगाया था। इन्हें निष्क्रिय करने की तैयारी के दौरान ही दोनों में विस्फोट हो गया।

इसी महीने की शुरुआत में दमिश्क के मध्य क्षेत्र के एक कैफे में हुए बम विस्फोट में 9 लोगों की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हुए थे। अधिकारियों ने उस घटना को आतंकवादी हमला बताया था।