एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत की 2026 ब्रिक्स अध्यक्षता खाड़ी देशों के साथ तेल से संबंधित ऐतिहासिक रूप से मजबूत संबंधों को निवेश, प्रौद्योगिकी, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे व्यापक क्षेत्रों में विस्तारित करने वाली साझेदारी में परिवर्तित कर रही है।
संयुक्त अरब अमीरात से प्रकाशित एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में ऊर्जा संबंध दोनों देशों के संबंधों की नींव बने हुए हैं, लेकिन सहयोग नए रणनीतिक क्षेत्रों में भी विस्तारित हो रहा है।
इस वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संयुक्त अरब अमीरात यात्रा के दौरान दोनों देशों ने कच्चे तेल, एलएनजी और एलपीजी पर सहयोग को और प्रगाढ़ बनाया। दोनों देशों ने भारत के रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार और खोजे जा रहे रणनीतिक गैस भंडारों में संयुक्त अरब अमीरात की भागीदारी बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
सहयोग का एक अन्य क्षेत्र खाद्य सुरक्षा है। यह क्षेत्र खाड़ी देशों की मांग को भारत की कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षमताओं से जोड़ सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भंडारण, लॉजिस्टिक और विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखलाओं में निवेश की संभावनाओं का पता लगाया जा सकता है।
इस घटना के समय का उल्लेख करते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि क्षेत्रीय तनावों ने ऊर्जा सुरक्षा, समुद्री व्यापार और होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित जहाजरानी पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित किया है। वहीं खाड़ी देश अपनी अर्थव्यवस्थाओं में विविधता ला रहे हैं, उन्नत प्रौद्योगिकी में निवेश कर रहे हैं और एशिया के साथ वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत कर रहे हैं।
सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के माध्यम से खाड़ी देशों का प्रतिनिधित्व विस्तारित ब्रिक्स समूह में होता है। इससे वैश्विक ऊर्जा और वित्त परिदृश्य में इस समूह का प्रभाव बढ़ जाता है।
इस वर्ष फरवरी में भारत-खाड़ी संबंध और मजबूत हुए, जब भारत ने खाड़ी सहयोग परिषद-जीसीसी के साथ शर्तों पर हस्ताक्षर किए और बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को शामिल करते हुए एक व्यापक मुक्त व्यापार समझौते के लिए औपचारिक रूप से बातचीत शुरू की।