प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्राप्त स्मृति चिन्हों और उपहारों की ई-नीलामी कल से शुरू होगी। नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि इस वर्ष नीलामी के लिए लगभग पंद्रह सौ वस्तुएं रखी गई हैं। इनमें चित्रकला, वस्त्र, मूर्तियां, प्राचीन वस्तुएं और हस्तशिल्प शामिल हैं। ये वस्तुएं भारत की विविध संस्कृतियों, धर्मों और पारंपरिक शिल्प कौशल को दर्शाती हैं। श्री शेखावत ने बताया कि ई-नीलामी के पिछले सात संस्करणों में कुल सात हजार चार सौ इकतालीस वस्तुओं की नीलामी हुई, जिससे बावन करोड़ रुपये जुटाए गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस राशि को गंगा नदी के निरंतर प्रवाह और स्वच्छता के लिए चलाए जा रहे ‘नमामि गंगा’ अभियान को समर्पित किया था। श्री शेखावत ने लोगों से ई-नीलामी में भाग लेने का आग्रह किया, क्योंकि इससे एक नेक उद्देश्य की पूर्ति होगी और ‘नमामि गंगा’ कोष में योगदान मिलेगा।
संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि इस संस्करण में कुल एक हजार 498 स्मृति चिन्ह नीलामी के लिए पेश किए जा रहे हैं। मंत्रालय ने कहा कि इस संस्करण में 50 चिन्हित वीर वस्तुएं शामिल हैं, जो संग्रह की कुछ विशिष्ट वस्तुओं का प्रतिनिधित्व करती हैं। मंत्रालय ने बताया कि इसमें कर्नाटक से भगवान राम का एक चांदी का स्मृति चिन्ह भी शामिल है, जिसकी कीमत साढ़े तेरह लाख रुपये है। ऑनलाइन नीलामी 31 अक्टूबर तक चलेगी। इच्छुक व्यक्ति आधिकारिक वेबसाइट https://pmmementos.gov.in के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं और भाग ले सकते हैं।