सितम्बर 9, 2026 5:04 अपराह्न

printer

डीआरआई ने पिछले दो हफ्तों की कार्रवाई में लगभग 740 किलोग्राम गांजा और चरस जब्त किया

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने पिछले दो हफ्तों के दौरान देश भर में चलाए गए अभियानों में लगभग 740 किलोग्राम गांजा और चरस जब्त किया है। एजेंसी ने स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के प्रावधानों के तहत 13 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

जब्त किए गए नशीले पदार्थों में लगभग 709 किलोग्राम गांजा, 24.5 किलोग्राम उच्च श्रेणी का हाइड्रोपोनिक गांजा और 5 किलोग्राम चरस शामिल है। अभियानों का यह सिलसिला सड़क, रेल और हवाई मार्गों के जरिए नशीली दवाओं की तस्करी को रोकने के लिए डीआरआई के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।

तस्करों द्वारा वाहनों में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों, डिब्बों और यात्रियों के सामान में छुपाकर ले जाई जा रही खेपों को पकड़कर डीआरआई ने इस नेटवर्क को ध्वस्त किया है।